नई दिल्ली: कांग्रेस नेता शशि थरूर ने नागरिकता पर एक लेख लिखकर बॉलीवुड की कई हस्तियों सनी लियोनी , नोरा फतेही और जैकलिन फर्नांडिस के नाम गिनाए हैं। थरूर ने हाल ही में मुंबई में एक विरोध प्रदर्शनों के दौरान अभिनेता इमरान खान के हिस्सा लेने और उसके बाद उन्हें मिले 'भारत छोड़ो' नोटिस के बहाने दोहरी नागरिकता पर लिखा है और कुछ महत्वपूर्ण सवाल भी उठाए हैं।
शशि थरूर ने इमरान खान केस का दिया हवाला
केरल के तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने इंडियन एक्सप्रेस में एक लेख लिखा है। उन्होंने इसमें कहा-'इमरान खान के पास जन्म से अमेरिकी नागरिकता है और साथ ही 'ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया' (OCI) कार्ड भी है, उनसे देश छोड़ने के लिए कहा गया। इसका आधार यह बताया गया कि कोई विदेशी नागरिक भारतीय धरती पर राजनीतिक आंदोलनों या विरोध-प्रदर्शनों में हिस्सा नहीं ले सकता।'
थरूर ने आगे कहा कि लेकिन जो लोग खान के जीवन के बारे में जानते हैं, उनके लिए यह एक अजीब विडंबना है। उन्होंने अपना ज्यादातर जीवन भारत में ही बिताया है। वे यहीं पले-बढ़े, यहीं अपना करियर बनाया, यहीं टैक्स चुकाया, और अमेरिका के बजाय इसी देश में अपने सभी सामाजिक, पारिवारिक और निजी संबंध बनाए रखे हैं।
यह एपिसोड हिंदी सिनेमा और वैश्वीकृत भारतीय समाज की एक व्यापक प्रवृत्ति को उजागर करता है। भारतीय फिल्म उद्योग में कई ऐसी जानी-मानी हस्तियां हैं, जिनके पास विदेशी पासपोर्ट हैं, लेकिन वे भारत में रहती हैं, काम करती हैं और खुद को भारतीय मानती हैं।
शशि थरूर, कांग्रेस नेता
थरूर ने गिनाए आलिया भट्ट, सनी लियोनी-नोरा फतेही के नाम
शशि थरूर ने अपने लेख में आगे लिखा है-आलिया भट्ट के पास ब्रिटिश पासपोर्ट है, जो उन्हें अपनी मां और भारतीय एक्ट्रेस सोनी राजदान से मिला है। ब्रिटिश हांगकांग में जन्मीं कैटरीना कैफ के पास ब्रिटिश नागरिकता है। जैकलीन फर्नांडिस श्रीलंकाई हैं, मनीषा कोइराला नेपाली हैं। कल्कि कोचलिन भारत में पली-बढ़ी होने के बावजूद फ्रांसीसी नागरिक हैं और शिबानी दांडेकर के पास ऑस्ट्रेलियाई पासपोर्ट है।
खबरों के अनुसार, पंजाबी स्टार दिलजीत दोसांझ ने 2022 में अमेरिकी नागरिकता ले ली थी। वहीं, नोरा फतेही (कनाडाई), नरगिस फाखरी (अमेरिकी), सनी लियोनी (कनाडाई) और अलाया एफ (जन्म से अमेरिकी) जैसी हस्तियां विदेशी दस्तावेजों के सहारे भारतीय सार्वजनिक जीवन का हिस्सा बनी हुई हैं। इस सूची में अक्षय कुमार का नाम भी शामिल है, जिनके पास कई सालों तक कनाडाई नागरिकता थी और जब उन्होंने अपनी कुछ सबसे देशभक्तिपूर्ण फिल्में कीं या टेलीविजन पर प्रधानमंत्री का साक्षात्कार लिया, तब वे भारतीय नागरिक नहीं थे।
ये कलाकार भारतीय जनमानस में एक बड़ा स्थान रखते हैं और हमारे देश के सांस्कृतिक, आर्थिक और सामाजिक ताने-बाने में पूरी तरह से रचे-बसे हैं। फिर भी, जिस देश में उन्होंने इतना कुछ निवेश किया है, वहां उनके कानूनी अधिकार उनके पासपोर्ट में लगे वीजा तक ही सीमित हैं।
शशि थरूर, कांग्रेस लीडर
उम्मीदवार का समर्थन और सरकार की आलोचना के बीच बारीक रेखा
शशि थरूर ने आगे लिखा-यह स्थिति उस बात से टकराती है कि किसी देश की नागरिकता व्यक्ति को वहां रहने के दौरान क्या करने की अनुमति देती है और क्या नहीं। यह तो स्पष्ट है कि कोई विदेशी व्यक्ति राजनीतिक विरोध-प्रदर्शन नहीं कर सकता, लेकिन भारत में चुनाव संबंधी दिशानिर्देशों और प्रशासनिक नियमों के तहत, एक विदेशी नागरिक को चुनाव के दौरान उम्मीदवारों के लिए प्रचार करने की अनुमति है।
उन्होंने कहा-हालांकि, वे किसी उम्मीदवार या पार्टी को आर्थिक योगदान नहीं दे सकते। किसी उम्मीदवार का समर्थन करने और उस सरकार की आलोचना करने (जिसका वह उम्मीदवार विरोध कर रहा है) के बीच की बारीक रेखा कभी स्पष्ट नहीं की गई है।
जहां पहला काम (समर्थन करना) स्वीकार्य है, वहीं दूसरा काम (आलोचना करना) वीजा शर्तों का उल्लंघन माना जा सकता है, जिसके कारण उस विदेशी व्यक्ति को देश से निकाला भी जा सकता है। और जब वह विदेशी व्यक्ति कोई मशहूर हस्ती हो, तो उनके कहे और किए गए कार्यों के मायने बदल जाते हैं और वे कहीं अधिक ध्यान आकर्षित करते हैं।
शशि थरूर, कांग्रेस सांसद
थरूर ने दिया अनुच्छेद 19 का हवाला
थरूर ने कहा है कि कानूनी तौर पर यह स्पष्ट है कि मौलिक नागरिक स्वतंत्रताएं जैसे कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 19 के तहत मिलने वाले अधिकार भारतीय नागरिकों के लिए संवैधानिक रूप से सुरक्षित हैं। इनमें बोलने, अभिव्यक्ति और शांतिपूर्ण तरीके से इकट्ठा होने की आजादी शामिल है। इसलिए, एक विदेशी व्यक्ति यहां काम कर सकता है, कोई व्यवसाय खड़ा कर सकता है, किसी ब्रांड का प्रचार कर सकता है, स्थानीय समुदायों में योगदान दे सकता है और चुनावी भाषणों के जरिए अपनी राजनीतिक पसंद जाहिर कर सकता है।
उन भारतीयों का क्या, जिनके पास जन्म से विदेशी पासपोर्ट
शशि थरूर ने इमरान खान मामले का जिक्र करते हुए आगे लिखा-हालांकि, किसी औपचारिक सार्वजनिक विरोध-प्रदर्शन में हिस्सा लेना या वोट डालना कानूनी सीमा का उल्लंघन है। यह अंतर एक बुनियादी सवाल खड़ा करता है। उन लोगों के मामले में सीमा कहां तय की जाए, जो व्यावहारिक और भावनात्मक, हर लिहाज से भारतीय हैं, लेकिन जिनके पास विदेशी पासपोर्ट सिर्फ ऐतिहासिक कारणों, जन्मसिद्ध अधिकार या यात्रा की सुविधा के लिए है?
उन्होंने कहा है कि आज की आपस में जुड़ी वैश्वीकृत दुनिया में, कई लोग अलग-अलग परिस्थितियों के कारण एक से अधिक देशों की नागरिकता पाने के योग्य हो जाते हैं। अमेरिका या कनाडा में पैदा होने वाले बच्चे को जन्म के अधिकार से वहां की नागरिकता मिल जाती है, चाहे उसके माता-पिता किसी भी देश के नागरिक हों।
वहीं, कुछ लोगों को अपने वंश, अंतरराष्ट्रीय विवाह, विदेश में लंबे समय तक काम करने या अपने परिवारों के प्रवास से जुड़ी अन्य परिस्थितियों के कारण एक से अधिक देशों की नागरिकता पाने की पात्रता मिल जाती है।
शशि थरूर ने बताया मुश्किलों से निकलने का ये रास्ता
शशि थरूर इन झंझटों का रास्ता भी बताया है। उन्होंने लिखा कि दोहरी नागरिकता की अनुमति देने से कानूनी स्थिति, लाखों लोगों के वास्तविक जीवन के अनुभवों के अनुरूप हो जाएगी। इससे उन लोगों को जो भारत में रहते हैं, काम करते हैं और खुद को गहराई से भारत से जुड़ा हुआ मानते हैं, या फिर वे लोग (जैसे कि वे फिल्मी सितारे जिनका मैंने जिक्र किया है) जिनका हमारे समाज में एक वास्तविक और दीर्घकालिक जुड़ाव है, उन्हें भारतीय नागरिकता रखने की छूट मिलेगी।
उन्हें ऐसा करने के लिए अपने उन अधिकारों, विरासत या पासपोर्ट को छोड़ने के लिए मजबूर नहीं किया जाएगा, जो उन्हें जन्म, विवाह या अंतरराष्ट्रीय आवाजाही के कारण मिले हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इससे हमारे पास मौजूद मानव संसाधनों का खजाना और समृद्ध होगा। ऐसे प्रतिभाशाली और सक्षम लोग जो योगदान देने की क्षमता रखते हैं, और जो खून, संस्कृति, पसंद-नापसंद और आखिरकार राष्ट्रीयता के स्तर पर भी भारतीय होंगे।