दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पोते और प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह व उनके भाई सौरभ सिंह का यूपी के अलीगढ़ में आज (शनिवार को) सगाई समारोह हो रहा है। दोनों की सगाई का कार्यक्रम अलीगढ़ के ताला नगरी स्थित मैदान में आयोजित हो रहा है। सगाई समारोह में दिग्गजों का जमावड़ा लगा है। अलीगढ़ की ताला नगरी में 100 बीघा के विशाल पंडाल में ये भव्य समारोह आयोजित हो रहा है, जहां एक मंच पर कई बड़े नेता नजर आए। समारोह में अंडमान-निकोबार के उपराज्यपाल एवं पूर्व डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा, सांसद साक्षी महाराज समेत कई दिग्गज नेता पहुंचे। सभी नेताओं ने मंच पर पहुंचकर वर-वधू को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।

मेहमानों का स्वागत करते दिखे मंत्री संदीप सिंह और उनके छोटे भाई

शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के पिता एवं पूर्व सांसद राजवीर सिंह राजू भैया सांसदों और विधायकों की अगुवाई करते नजर आए। वहीं, संदीप सिंह के पिता और उनके छोटे भाई मेहमानों का स्वागत कर रहे हैं। समारोह में बीजेपी के सांसद, विधायक और पार्टी पदाधिकारियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। मंच पर कई दिग्गज नेताओं की मौजूदगी समारोह का खास आकर्षण बनी हुई है

संदीप संग मेघना और सौरभ के साथ अंतरा त्यागी की सगाई

बता दें कि संदीप सिंह की सगाई उनकी स्कूल की दोस्त मेघना चौधरी के साथ हुई है। बताया जाता है कि दोनों की पहली मुलाकात अलीगढ़ के स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुई थी। मेघना की फैमिली गौंड़ा क्षेत्र की रहने वाली है। संदीप सिंह के छोटे भाई सौरभ सिंह की भी आज सगाई हुई। उनकी इगेंजमेंट अंतरा त्यागी के साथ हुई है। फैमिली में एक ही दिन दो मांगलिक आयोजन होने से कार्यक्रम का दायरा काफी बड़ा रखा गया है

अलीगढ़ में मेहमानों के स्वागत के लिए खास इंतजाम

अलीगढ़ में आज इंगेजमेंट के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। मेहमानों के वेलकम से लेकर उनके खान-पान और सिक्योरिटी तक के लिए विशेष व्यवस्था है। अलीगढ़ के मैदान में महलनुमा बड़े विशाल पंडाल लगाए गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, खान-पान के इंतजाम के लिए 7 रसोईघर तैयार हुए। इस आयोजन की सुरक्षा के लिए सैकड़ों सुरक्षाकर्मियों की तैनाती भी की गई है।

26 नवंबर को शादी और 27 नवंबर को होगा रिसेप्शन

इगेंजमेंट के बाद दोनों भाइयों की शादी आगामी 26 नवंबर को होगी। यह कार्यक्रम दिल्ली के द लीला होटल में होगा। इसके बाद, 27 नवंबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में रिसेप्शन का प्रोग्राम होगा। इस समारोह में देश के कई दिग्गज नेताओं और VIP अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। गौरतलब है कि कल्याण सिंह का परिवार आज भी यूपी राजनीति में काफी अहम है। कुछ साल पहले योगी सरकार ने अयोध्या में राम जन्मभूमि की तरफ जाने वाले मार्ग का नाम कल्याण सिंह के नाम पर रखने का फैसला भी किया था।