ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने दावा किया है कि उसने शनिवार, 14 नवंबर को क़ेशम द्वीप के दक्षिण में एक अमेरिकी एमक्यू-1 ड्रोन को गिराया.
समाचार एजेंसी तस्नीम के मुताबिक़, आईआरजीसी ने कहा कि यह इस तरह का 17वां ड्रोन है, जिसे उसने मार गिराया है.
आईआरजीसी का कहना है कि यह ड्रोन स्थानीय समय के मुताबिक़ दोपहर क़रीब 2:30 बजे नए और आधुनिक एयर डिफ़ेंस सिस्टम की मदद से गिराया गया.
आईआरजीसी ने दावा किया कि यह ड्रोन अमेरिका की सेना का टोही और लड़ाकू ड्रोन था. उसके मुताबिक़, आईआरजीसी की एयरोस्पेस फ़ोर्स ने इसे ट्रैक करने के बाद नष्ट कर दिया.
तस्नीम ने अपनी एक अलग रिपोर्ट में दावा किया कि अब तक आईआरजीसी ने अमेरिका के 17 एमक्यू-1 और 56 एमक्यू-9 ड्रोन मार गिराए हैं.
ईरान की सशस्त्र सेनाओं ने हाल के हफ़्तों में कई बार दावा किया है कि उन्होंने एमक्यू-9, एमक्यू-1, एमक्यूएम-170 और लुकास जैसे अमेरिकी ड्रोन मार गिराए हैं या उन्हें अपने क़ब्ज़े में लिया है.
हालांकि, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) पहले भी कई मौक़ों पर आईआरजीसी के सैन्य दावों को ख़ारिज कर चुका है. आईआरजीसी की ओर से 17 एमक्यू-1 और 56 एमक्यू-9 ड्रोन मार गिराने के दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.