ग्वालियर में फेसबुक पर दोस्ती के बाद ऑनलाइन निवेश का झांसा देकर एक युवक से करीब 2 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। युवक की पहचान ‘अपूर्वा रेड्डी’ नाम की आईडी से हुई थी। चैटिंग और मोबाइल पर बातचीत के जरिए भरोसा जीतने के बाद उसे घर बैठे शेयर मार्केट में निवेश कर कमाई का ऑफर दिया गया।
शुरुआत में वेबसाइट पर मुनाफा और कमीशन दिखा तो युवक ने अपनी एफडी तुड़वाकर रकम निवेश कर दी। लेकिन जब पैसे निकालने की कोशिश की तो ट्रांजेक्शन फेल होने लगे। फेसबुक पर मैसेज करने और फोन लगाने पर भी जवाब नहीं मिला। पीड़ित की शिकायत पर पड़ाव पुलिस ने सोमवार सुबह मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फेसबुक पर दोस्ती के बाद दिया निवेश का ऑफर
पड़ाव थाना क्षेत्र के झंडाधारी हनुमान मंदिर के पास रहने वाले देवेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि कुछ महीने पहले फेसबुक पर उनकी दोस्ती ‘अपूर्वा रेड्डी’ नाम की आईडी वाली लड़की से हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच ऑनलाइन चैटिंग हुई। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी तो मोबाइल पर भी बात होने लगी।
देवेंद्र का अपूर्वा पर भरोसा बढ़ा तो उसने ऑनलाइन कमाई का ऑफर दिया। अपूर्वा ने बताया कि शेयर मार्केट में निवेश करके घर बैठे अच्छी कमाई की जा सकती है। इसके बाद उसने देवेंद्र को एक वेबसाइट का लिंक भेजा।
शुरुआत में मुनाफा दिखाकर बढ़ाया भरोसा
देवेंद्र ने वेबसाइट पर अपनी आईडी बनाई और शुरुआत में छोटी रकम निवेश की। वेबसाइट पर उन्हें मुनाफा और कमीशन जुड़ता हुआ दिखाई दिया। इससे उन्हें लगा कि निवेश की यह स्कीम सही है। ज्यादा कमाई के लालच में उन्होंने अपनी एफडी तुड़वा ली और रकम वेबसाइट पर निवेश करते चले गए। कुल मिलाकर करीब 2 लाख रुपए लगा दिए।
पैसे निकालने की कोशिश की तो ट्रांजेक्शन फेल
वेबसाइट के वॉलेट में अच्छी-खासी रकम दिखने के बाद देवेंद्र ने पैसे निकालने की कोशिश की, लेकिन ट्रांजेक्शन फेल होने लगे। उन्होंने इस बारे में अपूर्वा से बात की तो वह टालमटोल करने लगी। बाद में उसने अपना मोबाइल नंबर बंद कर लिया।
देवेंद्र ने सोशल मीडिया पर भी कई मैसेज किए, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। ठगी का अहसास होने पर वह पड़ाव थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
पड़ाव थाना प्रभारी शैलेन्द्र भार्गव ने बताया कि युवक के साथ सोशल मीडिया के जरिए निवेश के नाम पर धोखाधड़ी हुई है। एक युवती ने पहले उससे दोस्ती की और फिर निवेश कराकर ठगी की। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।