ग्वालियर में जीवाजी विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह सोमवार को परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित किया गया। मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मेधावी छात्र-छात्राओं को 384 डिग्रियां और 57 गोल्ड मेडल प्रदान किए।

समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का सपना युवाओं की भागीदारी के बिना पूरा नहीं हो सकता। इसके लिए शिक्षा के साथ व्यावहारिक ज्ञान और तकनीकी दक्षता जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को संस्कार अपनाने और नौकरी लगने के बाद माता-पिता को नहीं भूलने की सीख भी दी।

युवाओं की भागीदारी से पूरा होगा विकसित भारत का सपना

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का सपना युवाओं की भागीदारी के बिना पूरा नहीं हो सकता। इसके लिए शिक्षा और रोजगार के बीच की दूरी कम करनी होगी। विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक ज्ञान, तकनीकी दक्षता और समस्याओं का समाधान करने की क्षमता विकसित करनी चाहिए।


डिग्री के साथ माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान जरूरी

राज्यपाल ने कहा कि डिग्री हासिल करना ही सफलता नहीं है। जीवन में माता-पिता, गुरुजनों और समाज के प्रति सम्मान रखना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि माता-पिता अपनी खुशियों और जरूरतों को पीछे रखकर बच्चों की पढ़ाई के लिए मेहनत करते हैं। मां सुबह उठकर बच्चों के लिए खाना बनाती है, वहीं पिता उनकी बेहतर शिक्षा और भविष्य के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर देते हैं।

ऐसे में पढ़ाई पूरी होने और नौकरी मिलने के बाद बच्चों को माता-पिता को नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से सत्य बोलने, धर्म का आचरण करने और जरूरतमंदों के प्रति दया व करुणा रखने की अपील की। कहा कि पैसा भौतिक सुख दे सकता है, लेकिन आत्मिक सुख अच्छे आचरण और दूसरों की मदद करने से मिलता है। युवाओं को परिवार के साथ समाज और देश के प्रति भी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

57 गोल्ड मेडल और 384 डिग्रियां बांटी गईं

विश्वविद्यालय की पीआरओ विमलेंद्र राठौड़ ने बताया कि समारोह में कुल 57 गोल्ड मेडल वितरित किए गए। इसके अलावा 224 पीएचडी, 134 स्नातकोत्तर (पीजी) और 26 स्नातक (यूजी) की डिग्रियां प्रदान की गईं।


बेटी के लिए गोल्ड मेडल बना प्रेरणा

हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन में एमबीए की गोल्ड मेडलिस्ट डॉ. नंदिता गोयल ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि उनकी चार साल की बेटी के लिए यह उपलब्धि एक संदेश है कि जीवन के किसी भी पड़ाव पर मेहनत से सफलता हासिल की जा सकती है।

वहीं, एमए हिंदी में तीन गोल्ड मेडल हासिल करने वाली शिवानी पाल ने बताया कि सोमवार को उनका जन्मदिन भी है। ऐसे में विश्वविद्यालय की ओर से मिले तीन गोल्ड मेडल उनके लिए अब तक का सबसे अच्छा उपहार हैं। वह नेट क्वालीफाई कर चुकी हैं और असिस्टेंट प्रोफेसर बनने की तैयारी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और अब वह अपने सभी सपनों को पूरा करने के लिए और मेहनत करेंगी।