लंदन: ब्रिटेन की राजधानी लंदन में एक भारतीय शख्स के रेस्तरां के बाहर सैकड़ों लोगों ने प्रदर्शन किया है। दावा है कि प्रदर्शनकारी रेस्तरां पर सिर्फ 'नॉन हलाल' फूड मिलने से खफा थे। ऐसे में उन्होंने रेस्तरां के सामने नारेबाजी करते हुए इसे बंद करने की मांग की। रेस्तरां के सिख मालिक का कहना है कि वह हलाल खाना बेचने से इनकार करने की वजह से स्थानीय मुस्लिमों के निशाने पर हैं। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में रेस्तरां के सामने लोग खड़े दिख रहे हैं।
डेली मेल की रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार रात लंदन में रेस्तरां के बाहर सैकड़ों प्रदर्शनकारी जमा हुए। हैमरस्मिथ ग्रोव के पास स्थित रंगरेज (सिंह्स डाइनिंग) नाम के इस रेस्तरां के बोर्ड पर लिखा है, 'हमें गर्व है कि हम हलाल खाना नहीं बेचते हैं।' स्थानीय मीडिया और रेस्तरां के मालिक ने इसी बोर्ड को इस विरोध प्रदर्शन की वजह बताया है।
रेस्तरां के बाहर जमा हुए लोग

रेस्तरां के मालिक हरमन सिंह कपूर का कहना है कि हलाल मांस परोसने से इनकार के अलावा मुसलमानों और गाजा संघर्ष के बारे में सोशल मीडिया पर अपनी टिप्पणियों के चलते उनकी आलोचना हो रही है। कपूर का दावा है कि रेस्तरां की फूड पॉलिसी को लेकर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने और हिंसा की धमकियां दी गई हैं।
हैमरस्मिथ में सिंह्स डाइनिंग के बाहर हुए इस विरोध प्रदर्शन के दौरान मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अधिकारियों को स्थिति संभालने केलिए कतार बनानी पड़ी ताकि भीड़ को रेस्तरां से दूर रखा जा सके। रेस्तरां के बाहर मौजूद भीड़ में मौजद लोग फिलिस्तीन के झंडे लहराते हुए अल्लाहु अकबर, शर्म करो और फ्री फिलिस्तीन के नारे लगा रहे थे।


मैं कई दिनों से मेट्रोपॉलिटन पुलिस से सुरक्षा और कारोबार की सुरक्षा के लिए आश्वासन मांग रहा था। मेट पुलिस से बार-बार संपर्क करने के बाद उल्टा मुझे ही पुलिस हिरासत ले लिया गया।

हरमन सिंह कपूर

सिंह को किया गया गिरफ्तार

कपूर ने बताया कि इस विवाद का उनके कारोबार पर आर्थिक असर पड़ा है क्योंकि प्रदर्शनकारी रेस्तरां के बहिष्कार की मांग कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार मेट्रोपॉलिटन पुलिस से मदद मांगी लेकिन उन्हें कोई अतिरिक्त सुरक्षा नहीं मिली। शुक्रवार को प्रदर्शन से पहले ही कपूर को पश्चिमी लंदन स्थित उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया था।

रेस्तरां मालिक ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपनी गिरफ्तारी की पुष्टि की। उन्होंने एक वीडियो साझा किया, जिसमें वे पुलिस अधिकारियों के साथ दिख रहे हैं और फिर उन्हें पुलिस की गाड़ी में ले जाया जाता है। उनकी गिरफ्तारी विवादित सोशल मीडिया पोस्ट के कारण हुई है। मेट्रोपॉलिटन पुलिस के प्रवक्ता ने डेली मेल को बताया कि शुक्रवार की इस गिरफ्तारी के पीछे आपत्तिजनक तस्वीर फैलाने का संदेह है।