जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी के बाद ठंड बढ़ गई है। श्रीनगर में मंगलवार को -1.6°C तापमान के साथ सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। उत्तराखंड के गंगोत्री में तापमान -11°C और कश्मीर के पहलगाम में -4.6°C पहुंच गया है।
इधर, राजस्थान और मध्य प्रदेश में शीतलहर शुरू हो गई है। दोनों राज्यों के 15 शहरों में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 10°C से नीचे रहा। राजस्थान का फतेहपुर 4.3°C और मध्य प्रदेश का गिरवर 8.4°C के साथ सबसे ठंडे रहे।
अब प्रदूषण का हाल
नई दिल्ली में मंगलवार को 58 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI रिकॉर्ड किया गया। इनमें 34 स्टेशन पर हवा की गुणवत्ता खराब, 19 पर मध्यम और 5 पर बहुत खराब श्रेणी में रही। IMD के मुताबिक, अगले तीन दिन दिल्ली की हवा खराब श्रेणी में रह सकती है।
इधर, उत्तराखंड के रुड़की और रुद्रपुर में भी एक हफ्ते से हवा की गुणवत्ता खराब बनी हुई है। बुधवार सुबह रुड़की का AQI 250, रुद्रपुर का 186 और देहरादून के सहस्रधारा का 150 दर्ज किया गया। वहीं, राज्य के पहाड़ी जिलों में हवा की गुणवत्ता ग्रीन जोन में है।