भारत में प्रतिबंध की मांग के बीच नेटफ्लिक्स की पहली पाकिस्तान-आधारित ओरिजिनल सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' का ट्रेलर जारी कर दिया गया है।

फवाद खान और माहिरा खान को साथ लाने वाली इस सीरीज के ट्रेलर ने जहां दर्शकों का ध्यान खींचा है, वहीं ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने इसके विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर भारत में रिलीज रोकने की मांग की है।

तीन पीढ़ियों की छह प्रेम कहानियों पर आधारित यह शो 4 दिसंबर को ग्लोबल स्तर पर रिलीज होने वाला है, लेकिन भारत में इसके प्रसारण होगा या नहीं, इस पर नेटफ्लिक्स ने अभी कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया है।


ट्रेलर के साथ जारी हुआ छह गानों का साउंडट्रैक

सीरीज के ट्रेलर की शुरुआत "हर प्रेम कहानी शुरू होने से पहले ही शुरू हो जाती है" पंक्ति के साथ होती है, और इसके साथ छह गानों का ओरिजिनल साउंडट्रैक भी आया है। कहानी में अहद रजा मीर रोम में रहने वाले वकील सिकंदर और इकरा अजीज कलाकार लीजा की भूमिका में हैं।


पाकिस्तानी एक्टर फवाद खान महमूद के किरदार में नजर आएंगे, जिसे हालात के चलते अपने कबीले की जिम्मेदारी संभालनी पड़ती है और उसका सनम सईद के किरदार विक्टोरिया के साथ जटिल रिश्ता दिखाया गया है।

वहीं माहिरा खान राहत के रोल में दिखेंगी, जिनकी कहानी अहमद अली अकबर और बिलाल अशरफ के किरदारों के बीच उलझी नजर आती है।

हानिया आमिर और हमजा अली अब्बासी भी अहम किरदारों में शामिल

सीरीज के ट्रेलर में अन्य प्रमुख किरदारों की झलकियां भी देखने को मिलती हैं। हानिया आमिर कुलसूम के किरदार में हैं, जिसका खुशहाल खान के किरदार जैन के साथ रिश्ता तनावपूर्ण दिखता है और उसमें हिंसा का पहलू भी नजर आता है।

हमजा अली अब्बासी शहरयार की भूमिका में हैं, जो माया अली के किरदार आमना को लेकर बेहद पजेसिव और नियंत्रित करने वाला दिखता है।

इसके अलावा अमीना शेख सादिया के रोल में हैं, जबकि सपोर्टिंग कास्ट में ओमेर राणा, नादिया जमील, महा हसन, सफी हसन, हूरैन, उस्मान जावेद, शहजैन दुरैद, नादिया हुसैन और समीना अहमद शामिल हैं।


AICWA का विरोध, स्थायी कानून की मांग

ट्रेलर जारी होने के पहले से ही AICWA ने भारत में सीरीज के प्रसारण का कड़ा विरोध किया है। एसोसिएशन ने मंगलवार को प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की 8 मई 2025 की एडवाइजरी को सख्ती से लागू करने की मांग की, जो पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तानी कंटेंट को ओटीटी और डिजिटल माध्यमों पर रोकने के लिए जारी हुई थी।

एसोसिएशन ने 2019 के पुलवामा हमले के बाद पाकिस्तानी कलाकारों पर लगे प्रतिबंध का भी जिक्र किया और टीवी, ओटीटी व सिनेमाघरों में ऐसे कंटेंट पर रोक लगाने के लिए कड़ी सजा वाला स्थायी कानून बनाने की अपील की।