शिवपुरी के छात्र अजीत धाकड़ ने कोटा में फांसी लगा ली। वह कोटा में JEE की तैयारी कर रहा था। रविवार रात करीब 10 बजे जवाहर नगर थाना क्षेत्र स्थित पीजी के कमरे में शव फंदे पर लटका मिला। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर शिवपुरी के लिए रवाना हो गए हैं।

पिता का चार साल पहले निधन हो गया था। इसके बाद बड़े भाई ने अजीत की पढ़ाई और परिवार की जिम्मेदारी संभाली थी। फिलहाल घटना की वजह सामने नहीं आई है। मौके पर सुसाइड नोट भी नहीं मिला है।

टेस्ट देकर कोचिंग से लौटा था JEE स्टूडेंट

कोटा के डीएसपी मनीष शर्मा ने बताया- जवाहर नगर थाना इलाके में अजीज पीजी में रहता था। वह जेईई की तैयारी कर रहा था। जवाहर नगर थाना ASI महेंद्र सिंह ने बताया कि स्टूडेंट रविवार दोपहर टेस्ट देकर कोचिंग से लौटा था। पीजी में रहने वाले स्टूडेंट्स रात को खाना खाकर टहलने जाते हैं।

ऐसे में रात करीब 10 बजे उसके सामने वाले कमरे में रहने वाले छात्र ने आवाज लगाई। कमरा अंदर से बंद था। खटखटाने पर भी गेट नहीं खोला, तब साथी स्टूडेंट्स ने पीजी संचालक को बताया। पीजी संचालक ने खिड़की से झांककर देखा तो स्टूडेंट फंदे से लटका दिखा।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को उतारकर एमबीएस हॉस्पिटल लेकर गए। परिवार को सूचना दे दी गई थी। फिलहाल सुसाइड का कारण सामने नहीं आया है।

छह महीने पहले कोटा गया था

अजीत धाकड़ (18) पुत्र स्वर्गीय अशोक धाकड़ जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र के रातीकिरार गांव का रहने वाला था। शिवपुरी में रहकर 12वीं तक पढ़ाई की थी। करीब 6 महीने पहले वह JEE की तैयारी के लिए कोटा गया था। जवाहर नगर थाना क्षेत्र की एक पीजी में रह रहा था।

परिजन के मुताबिक, रविवार सुबह अजीत से फोन पर बात हुई थी। दोपहर 3 बजे उसका टेस्ट था। वह टेस्ट देने के बाद कोचिंग से पीजी लौट आया था, लेकिन इसके बाद संपर्क नहीं हो सका।

सूचना पर पहुंची पुलिस छात्र को नीचे उतारकर एमबीएस अस्पताल ले गई। रात में ही परिजन को सूचना दी गई। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव शिवपुरी लाया जा रहा है।

बड़े भाई का लाड़ला था अजीत

अजीत के पिता अशोक धाकड़ की करीब चार साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद बड़े भाई दिव्यांश ने घर की जिम्मेदारी संभाली। छोटे भाई की पढ़ाई जारी रखी। अजीत अपने बड़े भाई का लाड़ला था। ग्रामीणों के मुताबिक, अजीत पढ़ाई पर ध्यान देता था। कम ही बातचीत करता था।