नई दिल्ली। भारत में दिवाली का फेस्टिव सीजन आ चुका है और ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म्स पर एक से बढ़कर एक ऑफर्स मिल रहे हैं। लेकिन इसी दौरान स्कैमर्स भी लोगों को चूना लगाने के नए-नए रास्ते निकाल रहे हैं। वे असली कंपनियों के नाम पर फर्जी अकाउंट बनाते हैं, खतरनाक पेमेंट लिंक भेजते हैं और फोन हैक करने के लिए फेक APK फाइल्स का सहारा लेते हैं, ताकि आपकी मेहनत की कमाई उड़ाई जा सके। इस सीजन में ऐसी ठगी का सबसे आसान जरिया WhatsApp बन जाता है।
ये ठग लोगों को बड़े डिस्काउंट, फ्री गिफ्ट और कूपन का लालच देकर फर्जी पार्सल डिलीवरी के जाल में फंसाते हैं। कई बार सरकारी अफसर बनकर कानूनी कार्रवाई की धमकी देते हैं ताकि यूजर डर जाए और आनन-फानन में पैसे भेज दे। हालांकि Meta की इस एप में ऐसे फ्रॉड से बचने के लिए कई काम के फीचर्स मौजूद हैं। आइए जानते हैं वो 5 तरीके जिनसे आप पूरी तरह सेफ रह सकते हैं:
1. Silence Unknown Callers फीचर ऑन करें
अनजान नंबरों के कॉल्स से बचने के लिए WhatsApp में ये फीचर काफी काम आता है। इसे ऑन करते ही किसी भी नए नंबर से आने वाली कॉल की घंटी आपके फोन पर नहीं बजेगी। ये कॉल्स सिर्फ आपकी कॉल्स लिस्ट में दिखेंगे, जिससे स्कैमर आपको तुरंत डराकर या बहकाकर कोई गलत कदम नहीं उठवा पाएगा।
इसे ऑन करने के लिए WhatsApp Settings में जाएं, Privacy खोलें और Calls वाले ऑप्शन में जाकर इसे ऑन कर दें।
2. अनजान कॉल उठाने से पहले दिखेगी डिटेल
WhatsApp का दावा है कि Android यूजर्स को अब ऐसे किसी भी नंबर की कॉल स्क्रीन पर ज्यादा जानकारी दिखेगी जो फोनबुक में सेव नहीं है। इसमें ये साफ पता चल जाएगा कि सामने वाला नंबर किसी कॉमन ग्रुप का हिस्सा है या नहीं और क्या वो नंबर भारत के बाहर का है। इससे बात शुरू करने से पहले ही आपको अंदाजा हो जाएगा कि कॉल सही है या फर्जी।
3. Two-Step Verification चालू रखें
ये फीचर आपके WhatsApp अकाउंट को किसी भी तरह से चोरी या हैक होने से बचाता है। इसमें पुराने 6-अंकों वाले पिन की जगह अब एक मजबूत पासवर्ड सेट करने का ऑप्शन मिल रहा है, जिसमें आप लेटर्स और स्पेशल कैरेक्टर्स भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
4. Context Cards से पहचानें फर्जी मैसेज
अगर आपको किसी अनजान कॉलर की तरफ से कोई संदिग्ध मैसेज मिलता है, जिसमें भारी छूट या बड़े मुनाफे का वादा किया गया हो, तो आप उस नंबर को ब्लॉक और रिपोर्ट कर सकते हैं। ध्यान रखें कि मैसेज में दिए गए किसी भी लिंक पर क्लिक न करें और न ही कोई अटैचमेंट डाउनलोड करें। इसके अलावा, ऐसी चैट्स के लिए 'कॉन्टेक्स्ट कार्ड' आपको कई तरह की जानकारी दे सकते हैं, जैसे कि अकाउंट हाल ही में बनाया गया है या नहीं, क्या उस अनजान नंबर के साथ आपका कोई कॉमन ग्रुप है, सिम किस देश की है और भी बहुत कुछ।
5. Linked Devices पर नजर रखें
कई बार स्कैमर्स झांसे में लेकर आपके WhatsApp को किसी दूसरे सिस्टम से लिंक करने की कोशिश करते हैं। अब अगर कोई संदिग्ध डिवाइस लिंक होने की कोशिश करेगी, तो WhatsApp आपको तुरंत अलर्ट भेजेगा और बताएगा कि ये स्कैम हो सकता है।
कभी भी किसी के साथ अपना लिंकिंग कोड शेयर न करें और न ही कोई अनजान QR कोड स्कैन करें। समय-समय पर Settings में जाकर Linked Devices चेक करते रहें और कोई अनजान डिवाइस दिखे तो उसे तुरंत लॉग आउट कर दें।
एक बात हमेशा याद रखें कि भारत की कोई भी पुलिस या सरकारी जांच एजेंसी कभी भी फोन या वीडियो कॉल पर जांच नहीं करती। इसलिए ऐसे कॉल्स पर बिल्कुल भरोसा न करें और अगर कभी कोई फ्रॉड हो जाए, तो तुरंत साइबर क्राइम पोर्टल पर जाकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।