अगर फोन या टैबलेट पर लगे टेम्पर्ड ग्लान के नीचे बबल आ जाए, तो लोग अक्सर नया टेम्पर्ड लगवाने के लिए दुकान पर पहुंच जाते हैं। हालांकि, कई मामलों में टेम्पर्ड के नीचे आए बबल को आप खुद से निकाल सकते हैं। असल में टेम्पर्ड के नीचे आने वाले एयर गैप या बबल न सिर्फ फोन के लुक को खराब करते हैं बल्कि टच रिस्पॉन्स को भी बिगाड़ देते हैं। ऐसे में अगर आपको तरीका पता हो, तो आप नए टेम्पर्ड पर खर्चा करने की जगह आसानी से बबल को फोन की स्क्रीन से हटा सकते हैं।
स्क्रीन और टेम्पर्ड के बीच आने वाले बुलबुले को हटाने का तरीका समझने से पहले यह जान लेना जरूरी है कि ये बबल आते क्यों हैं? दरअसल इसके मुख्य दो कारण हैं।

  • पहला, स्क्रीन और टेम्पर्ड के बीच हवा का फंस जाना। दरअसल कई बार टेम्पर्ड ग्लास लगाते समय किनारों या बीच में एयर पॉकेट बन जाते हैं।

  • वहीं इसका दूसरा कारण स्क्रीन और टेम्पर्ड के बीच धूल-मिट्टी के बारीक कणों का फंस जाना है। टेम्पर्ड लगाते समय अगर स्क्रीन पर कपड़े का रेशा या उंगलियों की चिकनाई रह जाए, तो वहां ग्लास का सिलिकॉन एडहेसिव ठीक से चिपक नहीं पाती।

  • आसान भाषा में इससे टेम्पर्ड ग्लास पर मौजूद गोंद हल्की पड़ जाती है और फोन की स्क्रीन से चिपक नहीं पाती।

अगर आपके टेम्पर्ड ग्लास के नीचे बुलबुले सिर्फ हवा के फंसने की वजह से बने हैं, तो इन्हें हटाना काफी आसान हो जाता है। ऐसे में माइक्रोफाइबर कपड़े में कोई एटीएम या प्लास्टिक कार्ड लपेटकर बुलबुले को किनारे की तरफ धकेलें। कार्ड पर कपड़ा जरूर लपेटें ताकि टेम्पर्ड पर स्क्रैच न आए।

अगर इस तरह से बुलबुला न निकले, तो एक किनारे से टेम्पर्ड ग्लास को सावधानी से थोड़ा ऊपर उठाएं। टेम्पर्ड ग्लास को उस किनारे से उठाएं जहां से बबल सबसे ज्यादा पास हो। हवा के बाहर निकलने का रास्ता खुलते ही ग्लास को वापस स्क्रीन पर छोड़ दें।

ध्यान रखें कि ग्लास को आप झटके से नहीं बल्कि धीरे-धीरे उठाएं ताकि वह चटके नहीं।


टेम्पर्ड के नीचे आने वाले बबल को ठीक करते हुए एक बात का ध्यान रखें कि हर बबल सही नहीं हो सकता। कुछ मामलों में टेम्पर्ड ग्लास बदलवाना ही एकमात्र ऑप्शन रह जाता है।

  • अगर टेम्पर्ड के नीचे धूल का कोई कण फंस गया है या फिर ग्लास को बार-बार उठाने की वजह से उसका ग्लू कमजोर हो गया है, तो बबल को ठीक करना नामुमकिन हो जाता है।

  • टेम्पर्ड के नीचे फंसे धूल के कण को टेप की मदद से निकाला जा सकता है लेकिन इसके लिए आपको बहुत सब्र और सावधानी से काम करना पड़ता है और पूरी संभावना रहती है कि इससे टेम्पर्ड खराब हो सकता है।

  • अगर दो-चार बार कोशिश करने पर टेम्पर्ड के नीचे से बबल न निकले, तो नया टेम्पर्ड लगवा लें। ज्यादा बार कोशिश करने से आपके फोन की स्क्रीन पर खरोंच पड़ सकती है।


टेम्पर्ड के नीचे से बबल निकालने के लिए कभी भी पिन, सुई या किसी नुकीली धातु का इस्तेमाल न करें। इससे बबल नहीं निकलेगा बल्कि आपके फोन की स्क्रीन डैमेज हो सकती है।

  • यह काम कमरे में पंखा बंद करके करें ताकि हवा में तैरते धूल के कण ग्लास पर आकर न चिपक जाएं।

  • फोन की डिस्प्ले पर जरूरत से ज्यादा दबाव न डालें। इससे आपकी डिस्प्ले खराब हो सकती है।​