वायु प्रदूषण से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं की स्क्रीनिंग, जांच, उपचार एवं परामर्श की मिलेगी सुविधा
नीमच, 15 अक्टूबर 2026। वायु प्रदूषण से होने वाले हृदय एवं श्वसन संबंधी दुष्प्रभावों की समय पर पहचान, जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला चिकित्सालय नीमच में विशेष चेस्ट क्लिनिक प्रारंभ किया गया है।
इस क्लिनिक के माध्यम से वायु प्रदूषण से प्रभावित व्यक्तियों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की स्क्रीनिंग, आवश्यक चिकित्सकीय जांच, उपचार तथा स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। इससे वायु प्रदूषण के कारण उत्पन्न होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं की समय रहते पहचान कर मरीजों को आवश्यक उपचार एवं उचित चिकित्सकीय मार्गदर्शन प्रदान करने में मदद मिलेगी।
वायु प्रदूषण का हृदय एवं श्वसन तंत्र पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे में यह क्लिनिक नागरिकों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, वायु प्रदूषण से जुड़े स्वास्थ्य जोखिमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा संबंधित बीमारियों की रोकथाम एवं बेहतर प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
क्लिनिक के शुभारंभ अवसर पर डॉ. एम. पाटिल, डॉ. मनीष यादव एवं डॉ. सतीश चौधरी उपस्थित रहे।