भोपाल के न्यू मार्केट में मॉकड्रिल के दौरान दमकल का पहिया चढ़ने से गंभीर घायल महिला रानी उपाध्याय (45) प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती हैं। उनके एक पैर की हड्डी क्रेक हो गई।
रात में ही डॉक्टरों ने हड्डी को जोड़ने के लिए ऑपरेशन किया। रानी 3 दिन तक डॉक्टरों की देखरेख में रहेंगी। इधर, हादसे के बाद पति योगेश उपाध्याय ने टीटी नगर थाने में शिकायत की है।
हादसा शुक्रवार शाम को हुआ था। तब रानी उपाध्याय पति के साथ न्यू मार्केट में खरीदारी करने गई थीं। इसी दौरान नगर निगम मॉकड्रिल कर रहा था। तभी दमकल का पहिया रानी के पैर पर चढ़ गया था। इससे हंगामे की स्थिति गई और हॉकर्स ने निगम टीम को घेर लिया था।
पैर की ऐढ़ी को तारों से कसना पड़ा
घायल महिला को न्यू मार्केट स्थित नाहर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। पति योगेश ने बताया कि रानी को अस्पताल में तीन दिन के ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। हादसे में उनके पैर की ऐढ़ी बाहर आ गई थी।
डॉक्टरों ने तत्काल ऑपरेशन कर तारों को कसा है। यदि यह ऑपरेशन सफल रहा तो ठीक, वरना दूसरा ऑपरेशन भी किया जा सकता है।
पति ने की थाने में शिकायत
योगेश ने बताया कि मामले में टीटी नगर थाने में शिकायत की है। निगम अफसरों की शिकायत भी करुंगा। हादसे के बाद निगम का कोई अधिकारी न तो मिलने आया और न ही मोबाइल पर चर्चा की, जबकि हादसा निगम अफसर-कर्मचारियों की लापरवाही की वजह से ही हुआ है।
उनका कहना है कि अफसर झूठ बोल रहे हैं। हादसे के बाद कहा था कि महिला ठीक है और पति के साथ घर चली गईं, जबकि मैं खुद पत्नी को अस्पताल लेकर आया और भर्ती कराया।
हादसे के बाद दमकल से मॉकड्रिल नहीं
शुक्रवार को हुए हादसे के बाद नगर निगम ने शनिवार को न्यू मार्केट में दमकलों के जरिए मॉकड्रिल नहीं की। फायर ऑफिसर सौरभ पटेल, अतिक्रमण प्रभारी शैलेंद्र सिंह भदौरिया ने हॉकर्स हटाने को लेकर अनाउंसमेंट कराया।
वहीं, दोपहर में दुकानों के बाहर रखा सामान जब्त करने, हटाने की कार्रवाई की। अधिकारियों ने पैदल घूमकर ही हॉकर्स हटाने को कहा।
महिला की चोंट को लेकर उठे सवाल पर अतिक्रमण प्रभारी भदौरिया ने कहा कि पहले मामूली चोंट लगने की जानकारी मिली थी। उनसे बात करेंगे।
तेज स्पीड में भागती दमकल का वीडियो
न्यू मार्केट के व्यापारियों ने तेज स्पीड में भागती दमकल का वीडियो भी जारी किया है। जिसमें बताया कि भीड़ वाले इलाके में किस तरह से दमकल दौड़ाई जा रही है।
8 अक्टूबर को न्यू मार्केट में लगी थी भीषण आग
न्यू मार्केट में 8 अक्टूबर को भीषण आग लगी थी। दुकानदार और कर्मचारियों समेत तीन लोगों ने कूदकर जान बचाई थी। आग में व्यापारियों को नुकसान हुआ था। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था और अतिक्रमण हटाने को लेकर कार्रवाई की जा रही है।
भोपाल के न्यू मार्केट में शुक्रवार शाम नगर निगम की मॉकड्रिल के दौरान दमकल की गाड़ी की चपेट में आने से एक महिला घायल हो गई। महिला का कहना है कि हादसे में उनका पैर टूट गया और उनके पति भी दब गए। महिला के मुताबिक, दमकल की गाड़ी तेज रफ्तार में थी। वह दुकान पर खड़ी थीं, तभी गाड़ी दुकान में घुस गई। उन्हें हटने का मौका तक नहीं मिला।
900 दुकानों के बीच सुलग रही भटि्टयां, NOC नहीं
राजधानी भोपाल के न्यू मार्केट में कपड़ा, ज्वैलर्स समेत करीब 900 दुकानों के बीच भटि्टयां भी सुलग रही हैं। जिस छोले-भटूरे की दुकान में 8 अक्टूबर को भीषण आग लगी, वहां से सिर्फ 50 फीट दूर ही 3 दुकानें और हैं। यहां खतरे के बीच ही भटूरे तले जा रहे हैं।