कार्टाजेना, कोलंबिया के कार्टाजेना शहर के एक सुपरमार्केट में हथियारबंद हमलावरों ने करीब 16 घंटे तक लोगों को बंधक बनाकर रखा। AFP के मुताबिक, सुरक्षाबलों ने ऑपरेशन चलाकर अंदर फंसे सभी 20 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
इस दौरान एक हमलावर मारा गया, जबकि 4 को गिरफ्तार किया गया। शुरुआत में करीब 30 लोगों को बंधक बनाया गया था। कई घंटे तक चली बातचीत के बाद 10 लोगों को पहले ही रिहा करा लिया गया था।
इसके बाद भी करीब 20 लोग सुपरमार्केट के अंदर फंसे हुए थे। हालात संभालने के लिए राष्ट्रपति एबेलार्डो डे ला एस्प्रिएला खुद कार्टाजेना पहुंचे थे।
20 लाख डॉलर और दो सुरक्षा गाड़ियां मांगीं थी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावरों ने 20 लाख डॉलर (करीब 18 करोड़ रुपए), दो बख्तरबंद गाड़ियां और सुरक्षित रास्ता देने की मांग की थी। वे कार्टाजेना से करीब 130 किलोमीटर दूर बैरेंक्विला शहर जाना चाहते थे।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों में हथियारबंद और चेहरे ढके बदमाश सुपरमार्केट में घुसते दिखाई दिए। कुछ तस्वीरों में बंधक बने लोग कुर्सियों पर बैठे दिखे। उनके हाथ बंधे हुए थे और बदमाश हथियार लेकर उनके पीछे पहरा दे रहे थे।
5 बुजुर्ग महिलाओं समेत 10 को छोड़ दिया
कोलंबिया के राष्ट्रपति अबेलार्डो डी ला एस्प्रिएला ने बताया था कि पहले 5 बुजुर्ग महिलाओं समेत 10 को छोड़ दिया गया। इसके बाकी लोगों को छुड़ाने के लिए पुलिस और सेना के जवानों के साथ खास सुरक्षा टीमें भी तैनात की गई और खास ऑपरेशन चलाया गया।
रॉयटर्स के मुताबिक, पुलिस ने सुपरमार्केट और आसपास के इलाके को घेर लिया था। पास की इमारतों की छतों पर भी हथियारबंद जवान तैनात किए गए थे।
इस बीच, इन्हें पकड़ने के लिए चलाए जा रहे अभियान के चलते शहर के राफेल नुनेज एयरपोर्ट पर 45 मिनट तक विमानों की लैंडिंग रोक दी गई थी।