• गौरव खरे -
निवाड़ी। कांग्रेस पार्टी के पूर्व कार्यवाहक जिला अध्यक्ष विवेक पटेल अपने समर्थकों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं की टीम के साथ दिल्ली में आयोजित वोट बचाओ-देश बचाओ आंदोलन में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर संगठनात्मक गतिविधियों एवं टीकमगढ़ और निवाड़ी जिले की राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की।
दिल्ली प्रवास के दौरान विवेक पटेल ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं सीडब्ल्यूसी सदस्य माननीय कमलेश्वर पटेल से मुलाकात की। इसके उपरांत पूर्व सांसद माननीय नकुलनाथ से भेंट कर दोनों जिलों में कांग्रेस संगठन की स्थिति, राजनीतिक गतिविधियों और पार्टी को मजबूत बनाने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की। वहीं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सचिन पायलट से भी मुलाकात की।
इसके पश्चात विवेक पटेल अपनी टीम के साथ रामलीला मैदान में आयोजित वोट बचाओ-देश बचाओ आंदोलन में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान उनके साथ महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष टीकमगढ़ श्रीमती रजनी जायसवाल, प्रणव जायसवाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता टीकमगढ़ गौरव शर्मा, टीकमगढ़ नगर पालिका परिषद के पार्षद धीरेंद्र यादव तथा एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष अंकित यादव पोहा विशेष रूप से मौजूद रहे।
विवेक पटेल ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मताधिकार की निष्पक्षता और जनता के वोट की सुरक्षा बेहद जरूरी है। कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और जनता की आवाज बुलंद करने के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। दिल्ली में आयोजित यह आंदोलन लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के संकल्प को मजबूत करने का माध्यम है।
दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से हुई इन मुलाकातों को टीकमगढ़ एवं निवाड़ी जिले में कांग्रेस संगठन की सक्रियता और आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।