कड़ी प्रतियोगिता में चेहरे के सौंदर्य से अधिक बौद्धिकता और व्यक्तित्व की परख होती है; डॉ. गरिमा राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश का नाम रोशन करेंगी" — प्राचार्य प्रो. सरोज गुप्ता
सागर/ शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय, सागर के आभासी कक्ष में "मिस मध्य प्रदेश" का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर सागर का गौरव बढ़ाने वाली शहर की प्रतिभावान बेटी डॉ. गरिमा गोस्वामी के आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन समारोह का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर सरोज गुप्ता ने की, जबकि मंच पर प्रशासनिक अधिकारी डॉ. इमराना सिद्दीकी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह का शुभारंभ माँ सरस्वती की वंदना और अतिथियों के आत्मीय स्वागत के साथ हुआ। महाविद्यालय परिवार की ओर से डॉ. गरिमा गोस्वामी को फूल-मालाओं, पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। डॉ. गरिमा गोस्वामी की इस शानदार उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि संपूर्ण महाविद्यालय परिवार और पूरे सागर संभाग ने स्वयं को गौरवान्वित महसूस किया है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो. सरोज गुप्ता ने डॉ. गरिमा गोस्वामी की इस बड़ी उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि कड़ी प्रतियोगी दौर में होने वाली इस प्रतियोगिता में सिर्फ चेहरे और रंग-रूप का सौंदर्य नहीं, बल्कि बौद्धिकता और व्यक्तित्व का सौंदर्य भी परखा जाता है। जिसमें डॉ. गरिमा ने अपना परचम लहराते हुए इस शिखर को छुआ है। ऊपरी सौंदर्य के बजाय आंतरिक सौंदर्य से परिपूर्ण व्यक्ति हर क्षेत्र में आगे बढ़ता है। आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली इस तरह की प्रतियोगिताओं में भी वह अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सागर और प्रदेश का नाम देशभर में रोशन करेंगी।"
अग्रणी महाविद्यालय में अपने स्वागत और सम्मान से अभिभूत डॉ गरिमा गोस्वामी ने सभी का आभार ज्ञापित करते हुए सौंदर्य प्रतियोगिता के विभिन्न चरण तथा इसकी चुनौतियों को साझा कर कहा कि किसी भी व्यक्ति को चेहरे से सुंदर होना ही महत्वपूर्ण नहीं है बल्कि उसके दिल में प्रेम दया करुणा और सबसे बड़ी बात सफलता के लक्ष्य को हासिल करने के लिए दृढ़ संकल्प व आत्मविश्वास भी होना उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस पूरी सफलता में सबसे बड़ा योगदान मेरे माता-पिता और परिवार जनों का है जिन्होंने हर कदम पर मुझे प्रोत्साहित करने का काम किया और मैंने सफलता हासिल की। प्रत्येक माता-पिता को चाहिए कि वह बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए उन्हें लगातार प्रोत्साहन दें और उनका उत्साह बढ़ाते रहें तो निश्चित रूप से उन्हें भी हर क्षेत्र में सफलता मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. गोपा जैन डॉ. अमर कुमार जैन, डॉ. विनय कुमार शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के सम्मान समारोह विद्यार्थियों और युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और उन्हें अपने सपनों को ऊंचाइयां देने के लिए प्रेरित करते हैं।
महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ संदीप सबलोक ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग क्षेत्रीय कार्यालय सागर के अतिरिक्त संचालक डॉ रामकुमार गोस्वामी की सुपुत्री डॉ गरिमा गोस्वामी ने अपने शैक्षिक जीवन में हमेशा ही प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। उन्होंने नीट की बेहद कठिन और चुनौती पूर्ण परीक्षा पास करते हुए वर्तमान में एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर रही है। उनकी माताजी श्रीमती आशा गोस्वामी बीएसएनल में अनुविभागीय इंजीनियर अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।
कार्यक्रम का बेहद प्रभावी और ऊर्जावान संचालन से डॉ. अभिलाषा जैन ने पूरे सभागार में उत्साह का माहौल बनाए रखा। समारोह के अंत में सभी के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार के समस्त प्राध्यापकगण, अधिकारी-कर्मचारी, एनसीसी छात्रा विंग की कैडेट्स तथा छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।