भोपाल। संत शिरोमणि श्री नामदेव महाराज की जयंती के पावन अवसर पर 22 नवंबर 2026, रविवार को श्री संत नामदेव सामुदायिक भवन, 12 दफ्तर, जवाहर चौक, भोपाल में भव्य सामूहिक जयंती समारोह आयोजित किया जाएगा। प्रातः 9 बजे से प्रारंभ होने वाले इस आयोजन में भोपाल के विभिन्न क्षेत्रों सहित मध्य प्रदेश के अनेक स्थानों से समाजबंधु सपरिवार शामिल होकर संत शिरोमणि के प्रति अपनी श्रद्धा एवं भक्ति अर्पित करेंगे।
जयंती समारोह के मीडिया प्रभारी शिवरतन नामदेव, संयोजक दीपक नामदेव (बिल्डकॉन), सहसंयोजक जीवन नामदेव एवं समाजबंधुओं ने बताया कि संत शिरोमणि श्री नामदेव महाराज की जयंती प्रतिवर्ष 20 नवंबर को देशभर में धार्मिक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाती है। भोपाल में भी दादाजी धाम मंदिर, रायसेन रोड, पटेल नगर सहित जवाहर चौक, भानपुर, कोलार, करोंद, बरखेड़ा पठानी, पिपलानी एवं बैरागढ़ आदि क्षेत्रों में स्थित संत नामदेव महाराज के मंदिरों में पूजन-अर्चन एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि भोपाल में सामूहिक जयंती समारोह आयोजित करने की परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। जयंती के वास्तविक दिवस 20 नवंबर को कार्यस्थल एवं अन्य व्यस्तताओं के कारण सभी क्षेत्रों के परिवारों का एक साथ एकत्रित होना कठिन हो जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए अधिक से अधिक समाजबंधुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा आपसी प्रेम, सद्भाव और संगठन को मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से जयंती के सप्ताह में आने वाले रविवार को सामूहिक आयोजन किया जाता है। इसी परंपरा के तहत इस वर्ष 22 नवंबर को समारोह आयोजित होगा।
इस अवसर पर भानपुर, कोलार, करोंद, बरखेड़ा पठानी, पिपलानी, बैरागढ़, जवाहर चौक सहित भोपाल के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाजबंधु एवं उनके परिवार सम्मिलित होंगे। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों से भी समाज के वरिष्ठजन अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। समारोह में संत नामदेव महाराज के मंदिर में श्रद्धापूर्वक दर्शन एवं नमन कर उनके बताए भक्ति, प्रेम, समानता, सेवा और मानवता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया जाएगा।
समारोह का प्रमुख उद्देश्य संत नामदेव महाराज की भक्ति परंपरा, आध्यात्मिक विचारधारा और मानव कल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। इसके साथ ही नई पीढ़ी को उनके जीवन दर्शन, आदर्शों, सामाजिक समरसता एवं भक्ति भावना से परिचित कराना भी आयोजन का महत्वपूर्ण उद्देश्य रहेगा।
भोपाल के नामदेव समाजबंधुओं ने समाज के सभी परिवारों से सपरिवार अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस सामूहिक जयंती समारोह को सफल बनाने की अपील की है।
संत नामदेव महाराज की जयंती का यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता, संगठन, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत को सशक्त बनाने का प्रेरणादायी अवसर बनेगा।