भोपाल के हनुमानगंज थाना क्षेत्र के इब्राहिमगंज में दीपावली की रात पटाखे फोड़ने से रोकने पर हुए विवाद में एक 25 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।

आरोप है कि हमलावर घर के सामने नाली के पास आतिशबाजी कर रहे थे। इससे कीचड़ के छींटे अनिकेत खटीक के घर की दीवार पर पड़े। अनिकेत की मां ने आतिशबाजी से मना किया तो युवकों ने बदसलूकी की। मां ने विरोध किया तो उन पर चाकू से तीन वार कर दिए।

मां को बचाने पहुंचे अनिकेत पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया। उसकी जांघ और कमर पर चाकू से दो वार किए गए। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती अनिकेत की सोमवार तड़के 5 बजे इलाज के दौरान मौत हो गई। परिवार में उसका बड़ा भाई अभिषेक और एक बहन है।

आरोप घर के सामने रहने वाले अमन रैकवार और प्रेम पर हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने आतिशबाजी के लिए छोला इलाके में रहने वाले अपने कुछ साथियों को भी बुलाया था।

नाली और कीचड़ में पटाखे फोड़ने पर हुआ विवाद

अनिकेत के भाई अभिषेक ने बताया कि आरोपी घर के सामने नाली और कीचड़ में पटाखे फोड़ रहे थे। इससे गंदगी और कीचड़ के छींटे घर की दीवारों पर पड़ रहे थे।

यह देखकर मां सुनीता ने युवकों को टोका और घर से कुछ दूरी पर जाकर पटाखे फोड़ने के लिए कहा। इस बात पर युवकों ने उनके साथ बदसलूकी शुरू कर दी।

अभिषेक के मुताबिक, मां के साथ अभद्रता होते देख अनिकेत ने विरोध किया। इसी बात पर विवाद बढ़ गया। आरोपियों ने सुनीता पर चाकू से तीन वार कर दिए। मां को बचाने के लिए अनिकेत बीच में आया तो उस पर भी हमला कर दिया।


परिजन ने कई कॉल किए, 45 मिनट बाद पहुंची पुलिस

घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। दीपावली की तैयारी और जश्न का माहौल कुछ ही देर में मातम में बदल गया। परिजन का आरोप है कि उन्होंने कई बार पुलिस को फोन किया, लेकिन पुलिस टीम करीब 45 मिनट बाद मौके पर पहुंची। तब तक अनिकेत की हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी।

मारपीट और भगदड़ के वीडियो भी आए सामने

घटना से जुड़े अलग-अलग वीडियो सामने आए हैं। एक वीडियो में युवकों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है, जबकि दूसरे में लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति नजर आ रही है।

पुलिस इन वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर घटनाक्रम की जांच कर रही है। आतिशबाजी को लेकर हुए विवाद के अलावा किसी दूसरी वजह की भी आशंका को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।


संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही

हनुमानगंज थाना प्रभारी अवधेश सिंह भदौरिया ने बताया कि मामले में हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में आतिशबाजी के दौरान विवाद होने की बात सामने आई है।

पुलिस घटनास्थल के आसपास के वीडियो और दूसरे साक्ष्यों की जांच कर रही है। आरोपियों की भूमिका और वारदात में इस्तेमाल हथियार के बारे में भी पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी।