वॉशिंगटन: अमेरिका के पहले राष्ट्रपति जॉर्ज वॉशिंगटन के बालों की नीलामी हुई है। एक फ्रेम में जड़े गए उनके बालों की नीलामी में 4,000 डॉलर (3 लाख, 70 हजार भारतीय रुपए) की बोली लगी है। इस नीलामी को आयोजित करने वाली संस्था रिचमंड ऑक्शन्स ने बताया है कि ये बाल जॉन गैड्सबी के पास थे। साल 1799 में अपनी जिंदगी के आखिरी दिनों में जॉर्ज वॉशिंगटन गैड्सबी के मेहमान रहे थे। तभी उन्होंने वॉशिंगटन के बालों का गुच्छा संभाल कर रख लिया था।
गैड्सबी के परिवार के पास वर्षों पर वॉशिंगटन के बाल रखे रहे। गैड्सबी के एक वंशज से ये बाल जॉन लैटीमर नाम के एक संग्रहकर्ता (कलेक्टर) को मिल गए। अब उनके बालों की ये नीलामी की गई है। हालांकि ये साफ नहीं है कि इनका खरीदार कौन है। जॉर्ज के बालों के नए मालिक का नाम अभी सामने नहीं आया है।
पहले भी बिके हैं वॉशिंगटन के बाल
बीबीसी के मुताबिक, शनिवार को हुई यह बिक्री जॉर्ज वॉशिंगटन के बालों की अब तक की सबसे महंगी नीलामी नहीं है। पांच साल पहले 2021 में एक लॉकेट में रखे गए उनके बालों के तीन रेशे करीब 40,000 डॉलर में बिके थे। माना जाता है कि ये बाल उनकी मृत्यु के समय लिए गए थे।
रिचमंड ऑक्शन्स की वेबसाइट पर मौजूद गैड्सबी की पोती जूलिया टेन आइक मैकब्लेयर के 98 साल पुराने 1928 के बयान के अनुसार, गैड्सबी वर्जीनिया के एलेक्जेंड्रिया शहर (जो 1799 में कस्बा था) के रहने वाले थे। उन्होंने 1799 में वॉशिंगटन की मौत से कुछ समय पहले उन्हें रात के खाने पर बुलाया था।
अमेरिका के पहले राष्ट्रपति
मैकब्लेयर ने बताया कि उनके दादा को वॉशिंगटन के बाल उनकी दोस्ती और उनके अंतिम दिनों में साथ रहने की वजह से मिले थे। उन्होंने इन बालों को फ्रेम करवाकर वॉशिंगटन सिटी स्थित हमारे घर में जनरल वॉशिंगटन की तस्वीर के नीचे टांग दिया था, जहां मैंने इन्हें अपनी पूरी जिंदगी देखा है।
रिचमंड ऑक्शन्स के मुताबिक, गैड्सबी ने 1798 और 1799 में वॉशिंगटन के आखिरी दो जन्मदिन के समारोहों की मेजबानी की थी। वॉशिंगटन ने अंग्रेजों के खिलाफ अमेरिकी सेना का नेतृत्व किया और फिर संविधान बनाने में मदद की। इसके बाद 1788 में वे अमेरिका के पहले राष्ट्रपति बने। दो कार्यकाल पूरे करने के बाद 1797 में वे पद से हट गए।
वॉशिंगटन से जुड़ी चीजें
वॉशिंगटन के बालों के कई हिस्से सुरक्षित रखे गए हैं। इनमें कम से कम 50 नमूने उनके पूर्व निवास माउंट वर्नोन (अब संग्रहालय है) में मौजूद हैं। माउंट वर्नोन की वेबसाइट के अनुसार, अपनों के बालों को सबके सामने प्रदर्शित करने का चलन 19वीं सदी में अपने चरम पर था। वॉशिंगटन जैसे संपन्न परिवारों के बीच यह काफी पहले से लोकप्रिय था।
जॉर्ज वॉशिंगटन के बालों वाले लॉकेट के अलावा उनसे जुड़ी अन्य चीजें भी नीलामी में काफी अच्छी कीमत पर बिकी हैं। इसी साल जुलाई में 1776 का वॉशिंगटन का एक हस्ताक्षरित पत्र 109,800 डॉलर में बिका था। इस खत में उन्होंने अंग्रेजों से लड़ने के लिए कॉन्टिनेंटल आर्मी में सैनिकों की मांग की थी।