भोपाल: एमपी पुलिस को नया मुखिया मिलने की उलटी गिनती शुरू हो गई है। मौजूदा डीजीपी कैलाश मकवाणा 30 नवंबर को सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं। इससे पहले दिल्ली में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की अहम बैठक होनी है। इसमें प्रदेश के अगले डीजीपी के लिए तीन अधिकारियों का पैनल तैयार किया जाएगा। अब तक इस दौड़ में 1991 बैच के तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी डॉ. वरुण कपूर, उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव आगे माने जा रहे थे। लेकिन अब 1992 बैच के स्पेशल डीजी पंकज श्रीवास्तव का नाम भी चर्चा में आ गया है।
12 अधिकारियों के नाम भेजे, अब 11 पर विचार
राज्य सरकार ने नए डीजीपी के चयन के लिए यूपीएससी को 12 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नाम भेजे थे। इनमें से स्पेशल डीजी अखेतो सेमा ने दौड़ से बाहर रहने का अनुरोध किया है। इसके बाद अब 11 अधिकारियों के नामों पर विचार किया जा रहा है।
वरिष्ठता क्रम में जेल डीजी वरुण कपूर, ईओडब्ल्यू डीजी उपेंद्र जैन और होमगार्ड डीजी प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव शीर्ष दावेदारों में शामिल हैं। चारों अंचलों में एसपी के रूप में काम करने का अनुभव उपेंद्र जैन की दावेदारी को मजबूत बनाता है। वहीं प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के चयन से मध्य प्रदेश को पहली महिला डीजीपी मिल सकती हैं।
पंकज श्रीवास्तव का नाम क्यों है अहम?
इस पूरी दौड़ में अब पंकज श्रीवास्तव का नाम नया मोड़ लेकर आया है। 1992 बैच के अधिकारी श्रीवास्तव पैनल में चौथे क्रम पर बताए जा रहे हैं। ऐसे में यदि तकनीकी पात्रता, सेवा अवधि या अन्य मानकों को लेकर शीर्ष तीन नामों में किसी तरह की अड़चन आती है, तो उनकी दावेदारी मजबूत हो सकती है।
डीजीपी चयन से जुड़े अहम तथ्य
कैलाश मकवाणा 30 नवंबर को होंगे रिटायर।
यूपीएससी तीन वरिष्ठ अधिकारियों का पैनल भेजेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे अंतिम चयन।
नया डीजीपी 1 दिसंबर को संभालेगा कार्यभार।
अब सबकी निगाहें यूपीएससी की बैठक और उससे निकलने वाले तीन नामों पर टिकी हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश के नए पुलिस महानिदेशक के नाम पर अंतिम फैसला लेंगे। फिलहाल पंकज श्रीवास्तव की चर्चा ने डीजीपी चयन की इस दौड़ को और दिलचस्प बना दिया है।